मनाली की तरफ से रोहतांग दर्रा छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है। बीआरओ ने कड़ी मशक्कत के बाद रोहतांग दर्रा तक सड़क को खोल दिया है। सैलानी अब रोहतांंग दर्रा तक बर्फ का आनंद ले सकेंगे। वहीं कोकसर की तरफ से बर्फ हटाने का काम जारी है। साढ़े तीन माह बाद बंजार से गुशैणी के लिए बस सेवा शुरू हो गई है। जिससे तीर्थन घाटी के लोगों की सुविधा मिली है। वहीं किरतपुर-मनाली फोरलेन पर दवाड़ा फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त पिलर व स्लैब की मरम्मत एवं बहाली कार्य के चलते पंडोह के समीप कैंची मोड़ से टकोली के बीच तय अवधि में यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध 15 से 31 अक्तूबर 2025 तक प्रतिदिन रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे तक पांच घंटे के लिए प्रभावी रहेगा।
करीब 150 मीटर में फ्लाईओवर और तीन पिलरों को तोड़ा जाएगा ताकि इसके गिरने के खतरे को टाला जा सके। ट्रैफिक ब्लॉकेज के दौरान छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग वाया कटौला का सहारा रहेगा, जबकि बड़े वाहनों को इंतजार करना होगा। मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 11.4, सुंदरनगर 15.5, भुंतर 11.6, कल्पा 5.5, धर्मशाला 11.4, ऊना 13.8, नाहन 16.3, केलांग 1.3, पालमपुर 11.0, सोलन 14.0, मनाली 7.9, कांगड़ा 14.7, मंडी 16.9, बिलासपुर 17.9, हमीरपुर 15.7, कुफरी 11.3, कुकुमसेरी 1.7, नारकंडा 9.2, भरमाैर 10.1, रिकांगपिओ 8.9, सेऊबाग 9.7, बरठीं 17.3, पांवटा साहिब 20.0, सराहन 12.1, ताबो 3.7 व बजाैरा में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 31.7, हमीरपुर में 31.2, बिलासपुर में 29.8, कांगड़ा में 28.2, सोलन में 27.0, मंडी में 26.4, धर्मशाला में 26.1, मनाली में 22.0 और शिमला में 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।