फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: हिमाचल के सात जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, चार दिन खराब रहेगा मौसम

Mon, 09 Jan 2023 07:49 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

प्रदेश में चार दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, राज्य के सात जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना हैं। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी व दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
विज्ञापन
लाहौल और अटल टनल में ताजा बर्फबारी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। अटल टनल और रोहतांग दर्रा के साथ जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई है। कांगड़ा जिला में धौलाधार की पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हुआ है। चंबा के पांगी और ऊपरी इलाकों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी की वजह से पर्यटक वाहनों को सोलंगनाला बैरियर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। सुबह 10:00 से दोपहर 3:00 बजे के बीच केवल फोर बाई फोर वाहनों में ही पर्यटक अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल तक जा पाए। वहीं, दोपहर 2:30 बजे के बाद जैसे ही लाहौल-स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ तो पर्यटक मनाली लौट आए। राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। 

विज्ञापन


इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
प्रदेश में चार दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, राज्य के सात जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना हैं। मंगलवार रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 11 से 13 जनवरी तक अधिकतर भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इस दौरान निचले व मैदानी भागों में बारिश, जबकि मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 12 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, लाहौल-स्पीति और किन्नौर  जिले के लिए भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सिरमौर के कुछ भागों में भी अलर्ट जारी हुआ है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी व दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। 11 जनवरी को मैदानी व मध्य पर्वतीय कुछ भागों में बिजली गिरने व अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 14 जनवरी से मौसम साफ रहने की संभावना है। 

मैदानी जिलों में धुंध ने बढ़ाई परेशानी
मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय धुंध छाई रही। वहीं, बारिश न होने से फसलों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। किसान परेशान हैं। धुंध के कारण मैदानी जिलों में यातायात प्रभावित हो रहा है। ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से प्रदेश भर में शीतलहर है, जिससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।  
विज्ञापन


कहां कितनी बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग दर्रा     30
कोकसर        10
गोंधला         7
यांगला         8
घेपन पीक    30 

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 10.3, सुंदरनगर 6.1, भुंतर 6.0, कल्पा 2.0, धर्मशाला 9.2, ऊना 6.0, नाहन 7.3, केलांग माइनस 1.8, पालमपुर 10.0, सोलन 6.0, मनाली 6.0, कांगड़ा 8.9, मंडी 6.1, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 7.7, चंबा 8.7, डलहौजी 9.0, जुब्बड़हट्टी 10.4, कुफरी 8.7, कुकुमसेरी 0.3 , नारकंडा 6.0, कसौली 12.5, रिकांगपिओ 5.5, सेऊबाग 6.5, धौलाकुआं 6.5, बरठीं 6.8, पांवटा साहिब 6.0 और सराहन में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

अधिकतम तापमान
डलहौजी 13.8, चंबा 21.9, कुकुमसेरी 6.5, केलांग 2.6, धर्मशाला 17.5, कांगड़ा  18.3, हमीरपुर  20.4, ऊना  15.2, सुंदरनगर  17.3, बिलासपुर 19.0, नारकंडा 12.8, शिमला 17.2, कुफरी 12.4, कसौली  15.5 और धौलाकुआं में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

विज्ञापन

बर्फबारी की संभालना के चलते एमसी कर्मियों की छुट्टियां रद्द

 राजधानी शिमला में इस हफ्ते बर्फबारी के पूर्वानुमान को देखते हुए नगर निगम ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया है। मशीनरी से लेकर मजदूरों की तैनाती को लेकर प्रशासन ने निर्देश जारी कर दिए हैं। बर्फबारी होने की स्थिति में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की जाएंगी।   निगम प्रशासन के अनुसार 11 और 12 जनवरी को बर्फबारी के आसार को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली हैं। बर्फबारी होने की स्थिति में सबसे पहले अस्पतालों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कें और रास्ते बहाल किए जाएंगे। शहर के बाजारों से भी प्राथमिकता के आधार पर बर्फ हटाने के निर्देश दिए हैं। हर वार्ड में कनिष्ठ अभियंता की अगुवाई में टीमें बनाई गई हैं।

प्रशासन का दावा है कि जिन सड़कों पर फिसलन की समस्या रहती है, वहां रेत और मिट्टी बिछाई जाएगी। कई सड़कों पर इसके ढेर लगा दिए हैं। शहर में जाखू, बैनमोर, छोटा शिमला, लक्कड़ बाजार, लोअर बाजार, भराड़ी, कनलोग, संजौली वार्ड के अभियंताओं को अलर्ट किया है। इन्हीं वार्डों में सबसे ज्यादा बर्फबारी होती है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार करीब 150 मजदूर भी बर्फ हटाने के काम में लगाए जाएंगे। इनके टेंडर पहले ही कर दिए हैं। छोटी सड़कों से बर्फ हटाने के लिए दो रोबोट तैनात रहेंगे। साथ ही चार जेसीबी मशीनें भी काम करेंगी। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली ने कहा कि निगम बर्फबारी को लेकर तैयार है। शहरवासियों को बर्फबारी के दौरान आवाजाही में परेशानी नहीं आने दी जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें