हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 3 से 5 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तीन दिन बारिश का असर, इन जिलों पर विशेष नजर
मौसम विभाग के 3 सितंबर को जारी बुलेटिन के अनुसार, 3 से 5 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बिलासपुर, कांगड़ा और सिरमौर में इन तीन दिनों के दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सोलन में 5 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 6 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सप्ताह के बाकी दिनों में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं का अलर्ट
3 से 5 सितंबर तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 3 से 6 सितंबर तक मैदानी/निचले पर्वतीय और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
पहले भी कई जगह हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। नैना देवी में 13 सेंटीमीटर, मुरारी देवी में 9 सेंटीमीटर और पत्तन बैराट व नाहन में क्रमश: 7 और 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कसौली में भी 5 सेंटीमीटर बारिश हुई।