कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर किसान बागवानों के संघर्ष के समर्थन में उतर गए हैं। कुलदीप राठौर ने लीगल मेटोलॉजि एक्ट 2009, एपीएमसी एक्ट, गुड्स एंड पैसेंजर एक्ट लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार किसी की भी रही हो, मगर अभी तक ये कानून लागू नहीं हो पाए हैं। कानून बने हैं, मगर इन्हें लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से इन तीनों कानूनों को लागू करने की मांग उठाई। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों-बागवानों से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। प्रदेश 22 से अधिक विधानसभा क्षेत्र बागवानी बाहुल है। ऐसे में बागवानों को अपनी फसलों का उचित दाम मिले और आढ़तियों की लूटपाट से बागवान को बचाने के लिए सरकार प्रयास करें।
बागवानों की यूनिवर्सल कार्टन के साथ तीन कानूनों को लेकर मांग पूरी होनी चाहिए। इसको लेकर बागवानों के संगठन भी उनसे मिल रहे हैं। प्रदेश में लीगल मेटोलॉजि एक्ट 2009, एपीएमसी एक्ट, गुड्स एंड पैसेंजर एक्ट दुर्भाग्य से लागू नहीं किए गए हैं, जबकि ये तीनों कानून पहले बना दिए गए हैं। वह बागवानों की इन मांगों का समर्थन करते हैं। उन्होंने बजट सत्र के दौरान बागवानी प्रोजेक्ट को लेकर सरकार से सवाल पूछा है और इसकी जांच की मांग भी की गई है। राठौर ने राहुल गांधी की सदस्यता खत्म किए जाने पर केंद्र की मोदी सरकार पर तानाशाह की तरह कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत उनकी सदस्यता समाप्त की गई है, भाजपा सरकार राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबरा गई है। उन्होंने कहा कि देश की कानून व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है।
राठौर ने आस्था शर्मा, संजीता खुराना को दिए 25-25 हजार
युवा संसद में पहला स्थान पाने वाली आस्था शर्मा और नशा निवारण अभियान में अवार्ड प्राप्त करने वाली संजीता खुराना को विधायक कुलदीप राठौर ने बधाई दी और उन्हें 25 25 हजार प्रोत्साहन राशि भी दी। उन्होंने कहा कि इन दोनों ने प्रदेश का नाम रोशन किया है।