हिमाचल की 12वीं विधानसभा का आखिरी सत्र मंगलवार से शुरू होगा। मानसून सत्र के हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। 22 से 25 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में बहुचर्चित गुडि़या प्रकरण एवं मंडी में फॉरेस्ट गार्ड होशियार सिंह की मौत का मामला उठ सकता है। कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है, लिहाजा सदन में हंगामा हो सकता है।
इसी के मद्देनजर सौहार्द बनाए रखने के लिए स्पीकर बृज बिहारी लाल बुटेल ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मंगलवार सुबह सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सोमवार शाम को भाजपा व कांग्रेस दोनों विधायक दलों ने अलग-अलग बैठकें कर सत्र को लेकर रणनीति बनाई। विपक्ष ने जहां पर सरकार को घेरने की तैयारी की है, वहीं सत्तापक्ष भी सदन में आक्रामक रुख अपनाने के मूड में है।
विधानसभा सचिवालय को विधायकों की ओर से अभी तक 125 सवाल मिले हैं। इनमें 95 तारांकित और 30 अतारांकित सवाल शामिल हैं। ज्यादातर सवाल आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, सड़कों, खनन और कटान से जुड़े हैं। 24 अगस्त का दिन प्राइवेट मेंबर डे के लिए रखा गया है। वर्तमान सरकार का आखिरी सत्र होने के मद्देनजर सदन में कुछ अहम विधेयक भी आ सकते हैं। सत्र के मद्देनजर विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है।