हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में उर्दू और पंजाबी भाषा शिक्षकों की भर्ती के लिए पात्रता के नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं। प्रदेश के बोनाफाइड निवासियों को छोड़कर अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए हिमाचल प्रदेश के शिक्षण संस्थानों से दसवीं और जमा दो की परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। यानी बाहरी राज्यों के वे उम्मीदवार, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई हिमाचल से नहीं की है, इन पदों के लिए पात्र नहीं होंगे। इस संबंध में निदेशालय स्कूल शिक्षा ने हिमाचल प्रदेश राजकीय चयन आयोग, हमीरपुर के सचिव को पत्र भेजा है। इसमें पात्रता की शर्तों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
23 अक्तूबर 2020 के सरकारी निर्देशों के आधार पर फैसला
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार की ओर से 23 अक्तूबर 2020 को जारी निर्देशों के अनुसार उर्दू और पंजाबी भाषा शिक्षकों के पदों पर भर्ती में यह शर्त लागू होगी। इसके तहत बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को हिमाचल के शिक्षण संस्थानों से मैट्रिक और जमा दो की परीक्षा पास करनी होगी। दोनों शैक्षणिक योग्यताएं प्रदेश से हासिल करना अनिवार्य बताया गया है।