थाना बंगाणा के तहत आने वाले गांव रौणखर में एक महिला के साथ 4.26 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार श्वेता, पत्नी राजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव रौणखर, डाकघर तलमेहड़ा, तहसील बंगाणा, जिला ऊना की रहने वाली हैं। कहा कि बीती 17 अक्तूबर को वह फोन चला रही थी कि इसी दौरान एक नंबर से मैसेज आया, इसमें कोई विज्ञापन था।
जिस कंपनी की ओर से यह मैसेज आया, उसका नाम वैभव ग्लोबल लिमिटेड लिखा हुआ था। महिला ने पुलिस को बताया कि उस विज्ञापन में उसे एक वेबसाइट पर पंजीकरण करने के लिए कहा गया। पंजीकरण किया तो उसे एक छोटी राशि निवेश करने के लिए कहा गया। उस राशि पर रिटर्न वापस मिल गया। उसके बाद जब बड़ी राशि लगाई तो उक्त कंपनी से जुड़े लोगों ने राशि को लौटाने से पहले उसे दिए टास्क पूरे करने को कहा।
महिला ने बताया कि उसे टास्क पूरे करने का प्रयास किया लेकिन अभी भी दो टास्क बचे हैं। वहीं आरोपियों के पास उसकी करीब 4.26 लाख रुपये की राशि पड़ी है। आरोपी उस राशि को टास्क पूरे होने से पहले वापस करने से इनकार कर रहे हैं। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। साइबर सेल के सहयोग से मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।