सेना में भर्ती के पहले दिन 3 हजार युवाओं ने मैदान में अपनी किस्मत अजमाई। लेकिन दौड़ के दौरान सांसें फूल गईं। स्थानीय इंदिरा मैदान में सेना में भर्ती के पहले दिन बिलासपुर जिले के लगभग 3 हजार युवाओं ने मैदान में अपनी किस्मत अजमाई। इसमें 375 युवकों ने ग्राउंड टेस्ट की पहली बाधा पार कर ली। सेना में भर्ती के लिए युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रात दो बजे ही कॉलेज रोड पर युवाओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। युवाओं ने मैदान में खूब पसीना बहाया। इस दफा सेना भर्ती कार्यालय की ओर से दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण में अव्वल रहने वाले अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट भी किया गया। वहीं अभ्यर्थियों को बिचौलियों से दूर रहने के प्रति जागरूक भी किया गया।
सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजय चावला ने बताया कि ऊना स्थित इंदिरा स्टेडियम में सेना की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। सेना भर्ती कार्यालय अंबाला की ओर से एआरओ हमीरपुर एवं मंडी के युवाओं के लिए इस खुली भर्ती का आयोजन किया गया है। दोनों भर्ती कार्यालयों के तहत करीब 29 हजार युवाओं ने इस भर्ती में हिस्सा लेने के लिए आवेदन किया है।
पहले दिन बिलासपुर जिला के लगभग तीन हजार युवाओं ने हिस्सा लिया। भर्ती के पहले दिन सिपाही सामान्य ड्यूटी के लिए शारीरिक परीक्षण किया गया। इसमें भर्ती होने आए युवाओं को दौड़, बीम पुल अप, जिग जैग और 9 फीट का गड्ढा फांदना जैसे कड़े परीक्षण में से गुजरना पड़ा। जिसमें कुल 375 युवाओं ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्राउंड टेस्ट पास किया।