हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य महिला घायल हो गई है। पर्यटकों की कार कोकसर से करीब चार किलोमीटर दूर धारा वाटरफॉल के पास सड़क से लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार पर्यटक मनाली से अटल टनल होते हुए रोहतांग दर्रा घूमने जा रहे थे। धारा वाटरफॉल के निकट प्राकृतिक नजारे देखने के लिए वाहन रोका गया। चालक समेत अन्य पर्यटक वाहन से बाहर उतर गए जबकि कार में दो महिलाएं और एक बच्चा मौजूद थे। इसी दौरान वाहन अचानक ढलान पर फिसल गया और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बैक गियर में पीछे की ओर लुढ़कते हुए खाई में समा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।