हिमाचल प्रदेश में स्कूल कांप्लेक्स व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने बिना शिक्षक वाले प्राथमिक विद्यालयों में अब टीजीटी, सीएंडवी और प्रवक्ताओं की सेवाएं अनिवार्य रूप से लेने का फैसला लिया है। विभाग ने सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों और कांप्लेक्स प्रभारियों को इस बाबत निर्देश जारी किए हैं। स्कूल शिक्षा निदेशक ने बताया कि पहले जारी दिशा-निर्देशों के बावजूद कई कांप्लेक्स प्रमुख इन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। खासकर ऐसे प्राथमिक विद्यालय, जहां एक भी शिक्षक तैनात नहीं है या शिक्षकों की भारी कमी है, वहां उच्च विद्यालयों और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों से स्टाफ की डेपुटेशन नहीं की जा रही है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यह स्थिति विद्यार्थियों के भविष्य के साथ समझौता है।