तकनीकी विवि हमीरपुर में इसी सत्र से बीटेक कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं शुरू होंगी। इसके अलावा विवि में एमटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग डाटा साइंस की पढ़ाई भी शुरू होगी। इसके लिए जल्द पाठ्यक्रम तैयार होगा।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि हमीरपुर में इसी सत्र से बीटेक कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं शुरू होंगी। इसके अलावा विवि में एमटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग डाटा साइंस की पढ़ाई भी शुरू होगी। इसके लिए जल्द पाठ्यक्रम तैयार होगा। हमीरपुर में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि एमसीए के विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम में डाटा साइंस जोड़ने की योजना है। विद्यार्थियों को बाजार की जरूरत के अनुरूप तैयार किया जाएगा। जल्द तकनीकी विवि परिसर में प्लेसमेंट और प्रशिक्षण सेल का गठन किया जाएगा। इसके लिए स्थायी प्लेसमेंट ऑफिसर की नियुक्ति की जाएगी। मंत्री ने कहा कि तकनीकी विवि का चौथा दीक्षांत समारोह जून-जुलाई में प्रस्तावित है।
विज्ञापन
स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट्स को शुरू करने का प्रस्ताव आगामी शैक्षणिक परिषद की बैठक में रखा जाएगा। यह कोर्स हिमाचल में अभी तक कहीं भी नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिए गठित समिति की जल्द बैठक बुलाई जाएगी। पूर्व में बाहरी राज्यों में होने वाले मूल्यांकन पर मंत्री ने कहा कि इससे परीक्षा परिणाम घोषित करने में देरी होती थी, इसलिए अब हिमाचल मेें ही मूल्यांकन करवाया जा रहा है। तकनीकी विवि से संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों में आई कमी पर उन्होंने कहा कि पूर्व में सभी तकनीकी कोर्सों को तकनीकी विवि के अधीन करने का निर्णय हुआ था, लेकिन अभी तक हिमाचल प्रदेश विवि में तकनीकी कोर्स चल रहे हैं। इसके चलते तकनीकी विवि को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है।
तकनीकी विवि परिसर में बनेगा नया शैक्षणिक भवन
तकनीकी विवि परिसर में नए शैक्षणिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसका काम जल्द शुरू होगा। नए शैक्षणिक भवन में लेक्चर थियेटर सहित अत्याधुनिक क्लास रूम तैयार किए जाएंगे। तकनीकी विवि में शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति और गैर-शिक्षक वर्ग के नए पदों को भी सृजित करने का मामला ध्यान में है, जल्द ही मुख्यमंत्री से इस मामले को लेकर चर्चा की जाएगी।
विज्ञापन
कुकमसेरी में इसी साल से ऑफ कैंपस खोलने की तैयारी
मंत्री ने बताया कि लाहौल-स्पीति के कुकमसेरी में इसी साल से ऑफ कैंपस खोलने की तैयारी है। इस मौके पर तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर और अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. राजेंद्र गुलेरिया मौजूद रहे।