परिणामस्वरूप, राज्य राष्ट्रीय स्तर पर 13वें स्थान से छठे स्थान पर पहुंच गया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश 90.5 फीसदी समानता, 86.6 फीसदी पहुंच व शिक्षक शिक्षा एवं प्रशिक्षण में 80.3 फीसदी की सफलता हासिल र्की। सबसे उल्लेखनीय सुधार सीखने के परिणामों और गुणवत्ता में देखा गया, जहां स्कोर 54.2 से बढ़कर 117.9 हो गया। यह विद्यार्थियों के सीखने और शैक्षिक गुणवत्ता में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है। बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में भी सुधार दर्ज किया गया। इसका स्कोर 97.0 से बढ़कर 110.5 हो गया। पीजीआई-डी 2024-25 के नतीजों में जिला स्तर पर भी मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला। 12 जिलों में से 11 ने उत्तम-3 श्रेणी हासिल की और हमीरपुर 417 अंकों के साथ सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला जिला बनकर उभरा। लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय जिलों ने भी सराहनीय सुधार दिखाते हुए 372 अंक हासिल किए।
हालांकि, शासन प्रक्रियाओं वाले क्षेत्र पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। खास तौर पर आधार सीडिंग, शिक्षकों और विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति, इंटरनेटआधारित स्कूल प्रक्रियाओं, प्रबंध के जरिये निगरानी को मजबूत करने ताकि फंड का प्रवाह तेज हो और जवाबदेही तय हो और साथ ही स्कूल सहायता डेटा को समय पर और सही तरीके से अपडेट करने जैसे क्षेत्रों में।