शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता दर्शा रहा यह कदमः राजेश शर्मा
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने समग्र शिक्षा के माध्यम से सरकार की इस पहल पर कहा कि यह शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के साथ समग्र शिक्षा का यह एमओयू हिमाचल की शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस शिक्षक संचालित रोजगार शिक्षा कार्यक्रम और होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड के माध्यम से हम प्रदेश के युवाओं को जरूरी कौशल और ज्ञान के साथ सशक्त करेंगे
मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के ग्लोबल सीईओ जयंत रस्तोगी ने कहा कि हम मानते हैं कि शिक्षा में बदलाव लाने की ताकत है, जो अगली पीढ़ी को सशक्त बना सकती है। हिमाचल सरकार के साथ हमारी इस भागीदारी के जरिये हम स्कूली बच्चों, खासकर लड़कियों को जीवन कौशल और रोजगारपरक शिक्षा से लैस कर रहे हैं। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि वे स्कूल से कामकाजी जीवन तक का सफर आसानी से तय कर सकें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में जल्दी रोजगारपरक शिक्षा का मौका मिलने से युवाओं की भविष्य में नौकरी के लिए बेहतर तैयारी होगी। इस तरह हिमाचल के युवा तेजी से बदलते नौकरी के बाजार में सफलतापूर्वक आगे बढ़ सकेंगे।