ब्लू व्हेल के मकड़जाल को पूरे मन से तोड़ने की कोशिश हिमाचल के सोलन में नजर नहीं आ रही है। यहां मामला उजागर होने के बाद न तो साइबर कैफे में तफतीश शुरू हो पाई है और न ही बच्चे की निशानदेही पर अन्य चार बच्चों की जिंदगी बचाने को कोई आगे आया है। पुलिस ने इस संबंध में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
बच्चे और उसके अभिभावकों ने मीडिया से बातचीत में सीधे तौर पर गेम छोड़ने पर जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया था। बच्चे एक बार इस खेल में मग्न होने के बाद बाहर नहीं आ सकते। यदि वे ऐसा करना भी चाहें तो सामने से उसे या परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी मिलती है।
इस खेल में बच्चों से घर के नंबर और पता तक पूछ लिया जाता है। इसका खुलासा होने के बावजूद मामले में आगे की कार्रवाई शुरू नहीं हो पाई है। सोलन शहर में चल रहे उन साइबर कैफे की भी पड़ताल नहीं की गई जो कम उम्र के बच्चों को बिना किसी पहचान और ठोस कारण के घंटों तक इंटरनेट के इस्तेमाल की इजाजत दे रहे हैं।