राजधानी शिमला में 14 वर्षीय स्कूली छात्रा और एक सरकारी कर्मचारी का शव फंदे से लटके हुए मिले हैं। दोनों घटनाएं शहर के अलग-अलग हिस्सों की हैं। इसमें छात्रा की मौत संदिग्ध बताई जा रही है जबकि कर्मचारी के शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस के मुताबिक शहर में एक नौवीं कक्षा की छात्रा फंदे से हुए लटकी मिली है। किशोरी तहसील भोरंज के जिला हमीरपुर की रहने वाली थी और माता-पिता के साथ शिमला शहर में रह रही थी।
घटना के समय किशोरी घर पर अकेले थी। परिजन बाहर गए थे। दूसरी घटना मैहली क्षेत्र की है। जिला कांगड़ा के नगरोटा बगंवा निवासी अभिषेक चौधरी (27) पुत्र नरेश चौधरी कमरे में फंदे से लटका मिला। अभिषेक खाद्य आपूर्ति विभाग में बतौर डाटा आपरेटर कार्यरत था। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। इसमें कर्मचारी ने मानसिक तनाव आत्महत्या का कारण बताया है।
थाना प्रभारी ममता रघुवंशी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है। शहर के छोटा शिमला थाना क्षेत्र में वीरवार देर शाम हुई दोनों मौतों के बाद हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक किशोरी घर पर अकेले थी। पिता दुकान चलाते हैं। माता लोगों के घर में काम करती है।
शाम 6:15 बजे उसकी माता ने फोन किया तो नहीं उठाया। इसके बाद पिता घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद छत से पिता कमरे में गया तो देखकर होश उड़ गए। बेटी बाथरूम में फंदे से लटकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। वहीं तरफ शहर में एक ही दिन में इन दो घटनाओं से हड़कंप मचा रहा है। वहीं पीड़ित परिवार के यहां ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा रहा।
खाद्य आपूर्ति निदेशालय में तैनात था अभिषेक
दूसरी घटना मैहली क्षेत्र की है। अभिषेक कसुम्पटी स्थित खाद्य आपूर्ति निदेशालय में कार्यरत था और किराये के मकान में रह रहा था। प्रारंभिक जांच के मुताबिक अभिषेक पिछले दो दिनों से कार्यालय नहीं गया था। साथी कर्मचारियों ने इसे फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। वीरवार रात करीब 8:00 बजे साथी कर्मी उसे ढूंढने आए तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अभिषेक कमरे में पंखे से फंदा लगाकर लटका पड़ा था। सहायक पुलिस अधीक्षक सुनील नेगी ने बताया कि शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।