जम्मू-कश्मीर की बालाकोट तहसील में नियंत्रण रेखा पर तैनात हिमाचल के एक बीएसएफ अधिकारी ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर ली।
मृतक बीएसएफ की 72वीं बटालियन की डी कंपनी में तैनात एएसआई सतपाल जायसवाल (50) मंडी जिला के सिमस गांव के रहने वाले थे। बुधवार सुबह सुबह 9:20 बजे भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित साबरागली में बीएसएफ की चौकी 482 पर अचानक गोली चलने की आवाज आई।
वहां तैनात अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे तो उन्होंने वहां एएसआई सतपाल को खून में लथपथ पाया। साथी जवान उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने सतपाल को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद बीएसएफ ने अपनी कानूनी कार्रवाई के बाद देर शाम शव का मेंढर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। वीरवार तड़के सैन्य सम्मान के साथ सतपाल का शव उनके पैतृक घर भेजा जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर एएसआई की आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।