कुटलैहड़ कांग्रेस सेवादल के महासचिव भूषण शर्मा ने पद से दिया इस्तीफा
वहीं, कुटलैहड़ कांग्रेस सेवादल के महासचिव भूषण शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अरलू पंचायत के उपप्रधान भूषण शर्मा ने कहा कि इस्तीफा जिलाध्यक्ष को भेज दिया है। साथ ही फोन के माध्यम से भी सूचित किया है। उपप्रधान भूषण शर्मा ने कहा कि लगातार 17 वर्ष कांग्रेस पार्टी की सेवा की है। लेकिन अब हमारा पूरा समर्थन भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो को है। भूषण शर्मा ने कहा कि देवेंद्र कुमार भुट्टो एक समाजसेवी हैं और केवल जनता की सेवा करने पर विश्वास रखते हैं। बीते 30 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं।
हमीरपुर लोकसभा से पूर्व युकां अध्यक्ष रणवीर राणा का कांग्रेस से त्यागपत्र
हमीरपुर लोकसभा के पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रणवीर राणा ने कांग्रेस सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। त्यागपत्र के पीछे उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया। रणबीर राणा वीरभद्र सिंह के बेहद करीबी माने जाते रहे हैं। वर्तमान में रणवीर राणा राज्य सरकार के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य सिंह के करीबी हैं। रणवीर राणा हमीरपुर लोकसभा के युवा अध्यक्ष पद पर करीब सात वर्ष तक अपनी सेवाएं दी हैं। इसके बाद जिला ऊना एवं कुटलैहड़ विस क्षेत्र में युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस पार्टी के महासचिव भी रहे हैं। रणबीर राणा राहुल गांधी ब्रिगेड का हिस्सा बनकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब जैसे राज्य में कांग्रेस के प्रभारी बनकर पार्टी को मजबूती के लिए भी काम कर चुके हैं। वह करीब 20 वर्ष से कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं। रणबीर राणा कुटलैहड़ विस क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के टिकट की दावेदार में भी बने हुए थे। एक तरफ कुटलैहड़ में विधानसभा उपचुनाव और दूसरी तरफ लोकसभा चुनाव का डंका बज चुका है। इस बीच रणवीर राणा का त्यागपत्र कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि जब रणवीर राणा से बात की गई तो वह कई बार भावुक भी हुए। आगे क्या रणनीति होगी, इस बात को भी रणवीर राणा छिपा गए।