निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती से जुड़ा विवाद हिमाचल के परवाणू तक पहुंच गया है। हरियाणा से सटे इलाकों में इसका जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है। राजपूत और ब्राह्मण समाज ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
शनिवार को परवाणू में हरियाणा और हिमाचल के कुछ संगठनों ने बैठक की। हरियाणा के संभाजी ब्रिगेड के महासचिव सुभाष कालका ने बताया कि बैठक में मौजूद लोगों ने फिल्म के प्रति जबरदस्त रोष जताया है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यह फिल्म देश के किसी भी सिनेमाघर में दिखाई गई तो आंदोलन किए जाएंगे। इसकी अलख परवाणू से जग गई है। युवा समाजसेवी राकेश शर्मा ने बताया कि इस तरह की फिल्म को रिलीज करना हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।