हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है। राज्य में 12 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के 8 सितंबर को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार 13 और 14 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 12 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 11, 12, 13 और 14 सितंबर को मैदानी/निचले पर्वतीय तथा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हालांकि जिलावार मौसम चेतावनी में 8 से 12 सितंबर तक किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
12 से बढ़ेगा बारिश का दायरा
आगामी पांच दिनों के जिलावार पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 11 सितंबर तक ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 12 सितंबर को इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 8 से 10 सितंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। इन दोनों जिलों में 11 और 12 सितंबर को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
13-14 सितंबर को कई जगह बारिश
सात दिन के पूर्वानुमान में 13 सितंबर को मैदानी/निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 14 सितंबर को मैदानी/निचले तथा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 11 से 14 सितंबर तक एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।
अगले दिनों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।