पांच से सात मई को थाईलैंड में होने वाले बीच कोर्फबाल वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विनोद ठाकुर को भारतीय टीम का कोच नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय कोर्फबाल संघ ने विनोद ठाकुर के अनुभव और उपलब्धियों को देखते हुए उनका चयन किया है। विनोद ठाकुर महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना सरकाघाट में सुपरवाइजर के पद पर सेवारत हैं।
बतौर खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए विनोद ठाकुर ने कई पदक जीते हैं। विनोद ठाकुर ने कहा कि भारतीय टीम का कोच बनना उनके लिए गौरव की बात हैं। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल खेल में सबसे बेहतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मांग की है कि कोर्फबाल खेल का उपलब्धियों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश में कोच की नियुक्ति की जाए और प्रदेश विश्वविद्यालय में कोर्फबाल खेल को शुरू किया जाए।
कोर्फबाल संघ के महासचिव बीआर सुमन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सेस राम राठौर, सतीश शर्मा, ऊषा ठाकुर, जिलाध्यक्ष पवन रांगड़ा, महासचिव प्रवीण शर्मा, मंडी महासचिव देवदत्त प्रेमी ने विनोद ठाकुर को भारतीय टीम को कोच नियुक्त करने पर खुशी जाहिर की है।