आप स्कीइंग के शौकीन हैं तो हिमाचल आपके इस शौक को पूरा करने के लिए तैयार है। विंटर सीजन में सैलानियों को रिझाने के लिए पर्यटन विकास निगम ने विशेष स्कीइंग ऐडवेंचर पैकेज लांच कर दिए हैं। स्कीइंग ऐडवेंचर में रोमांच रखने वाले देश-विदेश के सैलानी सहित प्रदेश के युवा सात जनवरी से लेकर 31 फरवरी 2018 तक नारकंडा में स्नो स्लोप स्कीइंग का लुत्फ उठा सकते है।
निगम ने सैलानियों को तीन दिन से लेकर 14 दिनों तक के बेसिक, इंटरमिडीएट और शॉर्ट डूयरेशन स्काई कोर्स शुरू किए हैं। इस दौरान सैलानी डीलक्स स्नो स्कीइंग और सुपर डीलक्स स्नो स्कीइंग पैकेज ले सकते हैं। पैकेज छह हजार से लेकर साढ़े 53 हजार रुपये तक के हैं।
इसके अलावा स्कीइंग कोर्स करने वाले लोगों के लिए खाने पीने की सुविधा से लेकर स्कीइंग के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले सभी उपकरणों की व्यवस्था निगम करेगा। एचपीटीडीसी महाप्रबंधक विजय शर्मा ने बताया कि सैलानी निगम के अनुभवी प्रशिक्षक से स्कीइंग सीखकर स्कीइंग का भरपूर आनंद उठा सकते है।