हिमाचल प्रदेश की आम आदमी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। नई कार्यकारिणी का जल्द गठन किया जाएगा। दिल्ली सरकार के मंत्री व हिमाचल आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रभारी सत्येंद्र जैन ने सोमवार देर शाम को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बता दें तीन दिन के भीतर आम आदमी पार्टी (आप) को दूसरा बड़ा झटका लगा है। प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी के बाद अब पांच और नेताओं ने आप को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। आप की महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ममता ठाकुर, उपाध्यक्ष सोनिया बिंदल, संगीता, उद्योग विंग के प्रदेश अध्यक्ष डीके त्यागी और सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली। इन्हें केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सदस्यता ग्रहण करवाई। आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी भी इस मौके पर मौजूद रहे। इन नेताओं का कहना है कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की हिमाचल विरोधी कार्यशैली से रुष्ट होकर वे भाजपा में शामिल हुए हैं। इसके बाद आप ने हिमाचल में पूरी राज्य कार्यकारिणी भंग करने का फैसला लिया।