शिवसेना ने कंगना के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों को काम पर लगा दिया है। सोमवार को बीएमसी के अधिकारी बिना नोटिस दिए बांद्रा के पाली हिल स्थित कंगना की प्रोडक्शन कंपनी के दफ्तर पर पहुंचे। माना जा रहा है कि बीएमसी दफ्तर में हुए अवैध निर्माण को ढहा सकती है। कंगना ने इस साल जनवरी में 48 करोड़ रुपये में यह दफ्तर खरीदा था। कंगना ने ट्वीट किया, यह मुंबई में मणिकर्णिका फिल्म का ऑफिस है, जिसे मैंने 15 साल मेहनत कर कमाया है। मेरा जिंदगी में एक ही सपना था कि मैं जब भी फिल्म निर्माता बनूं मेरा खुद का अपना ऑफिस हो, मगर लगता है मेरा ये सपना टूटने का वक्त आ गया है।
मनाली में आराम करें कंगना, मुंबई न जाएं : शांता
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि शिवसेना नेता संजय राउत ने हिमाचल की बेटी कंगना रणौत के लिए जिन शर्मनाक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्हें याद करते ही शर्म से सिर झुक जाता है। संजय राउत को ये शब्द कहते हुए शर्म क्यों नहीं आई होगी। उन्होंने कंगना और उनके परिवार से आग्रह किया है कि वह अभी मुंबई न जाएं। कंगना अभी मनाली में ही आराम करें। यह सब कुछ भूल जाएं।