सदर थाना में दो लोगों के आपसी झगड़े में एक आरोपी से सांठगांठ करने के मामले में कुल्लू पुलिस ने एक एएसआई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया करने के बाद सोमवार को आरोपी को कुल्लू की अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। जानकारी के मुताबिक इसी वर्ष फरवरी में सदर थाना कुल्लू में दो लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। इसकी जांच एएसआई को दी गई।
इस दौरान एएसआई ने एक आरोपी से केस को लेकर सांठगांठ की। इसकी शिकायत एसपी कुल्लू से की गई। इसके बाद एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया था। पुलिस महकमे ने विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि फरवरी में कुल्लू सदर थाने में दो लोगों के आपसी झगड़े का मामला दर्ज हुआ था।
मामले की समीक्षा करने पर पाया गया कि जांच अधिकारी ने आरोपी से सांठगांठ कर केस को प्रभावित करने की कोशिश की। इस पर एएसआई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रीवेंशन ऑफ क्रप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। एएसआई को गिरफ्तार कर किया गया है। सोमवार को उसे कोर्ट से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। उन्होंने कहा कि झगड़े के आरोपी के खिलाफ चार्जशीट बनाकर पहले ही अदालत में भेज दी है।