हिमाचल में टैक्सियों की तर्ज पर पर्यटक अब मोटरसाइकिल भी किराये पर लेकर सैर सपाटा कर सकेंगे। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने रेंट ए बाइक स्कीम को लॉन्च किया है। एक सप्ताह के भीतर इस स्कीम की अधिसूचना जारी की जाएगी। हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के मकसद से शुरू की गई इस स्कीम में चार साल पुरानी बाइक को भी शामिल कर लाइसेंस दिया जाएगा।
100 सीसी इंजन से ऊपर क्षमता वाली मोटरसाइकिलों को इसमें शामिल किया जाएगा। बाली ने कहा कि स्कीम के लिए पात्र लोग हिमाचली होने चाहिए व उनके घर के बाहर बाइक के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था होनी जरूरी है। स्कीम के तहत एक मोटरसाइकिल को भी लाइसेंस देने का प्रावधान है। टैक्सी की तरह संचालित रेंट ए बाइक स्कीम में मोटरसाइकिलों की कोई भी लिमिट नहीं है।
100 सीसी से अधिक का इंजन, चार साल से ज्यादा पुरानी न हो बाइक
एक व्यक्ति 10 से 15 बाइक रख सकता है लेकिन उसके पास पार्किंग की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। बाइक में नाम पता व फोन नंबर भी दर्शाना होगा। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी पांच साल के लिए लाइसेंस देगी। इसके लिए पांच साल के लिए एक बार टैक्स देना होगा। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर एक से दस हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने इस स्कीम से जुड़ने वाले युवाओं से ट्रैफिक नियमों को ध्यान में रखने को कहा है। इस मौके पर एसडीएम कुल्लू रोहित राठौर, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक एएन सलारिया, आरटीओ कुल्लू राज कृष्ण ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक कुल्लू पवन कुमश शर्मा, लाहौल-स्पीति के आरएम रशीद शेख, डीएफसी कुल्लू शिव राम और एपीआरओ कुल्लू अनिल गुलेरिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रोहतांग के लिए जुलाई से चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें: बाली
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि रोहतांग के लिए जुलाई महीने से इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। मई के अंत और जून महीने में ट्रायल के तौर पर तीन इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। इसके लिए प्रदेश परिवहन निगम ने गोल्ड स्टोन नामक कंपनी को 26 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर दिया है। जीएस बाली शनिवार को परिधि गृह ढालपुर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
रोहतांग दर्रा में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एनजीटी ने हिमाचल सरकार को मनाली से रोहतांग दर्रा के बीच इलेक्ट्रिक बसें चलाने के आदेश दिए हैं। हालांकि, एक साल पहले मनाली से रोहतांग के बीच इलेक्ट्रिक बसों का सफल ट्रायल हो चुका है।
इसके बाद से घाटी के लोगों और सैलानियों को इस साल पर्यटन सीजन में मनाली-रोहतांग के बीच 51 किलोमीटर लंबे सफर में इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने की उम्मीद थी। बसों की डिलीवरी में हो रही देरी के कारण पर्यटन सीजन में इन बसों को चलाने की मुहिम को झटका लगा है।
ऑफ सीजन में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
पर्यटकों को मनाली से रोहतांग के बीच इसी साल के पर्यटन सीजन में इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने की उम्मीद थी। इसका ट्रायल भी सफल रहा था। अब जुलाई में इलेक्ट्रिक बसों की आवाजाही शुरू होगी। ऐसे में पर्यटन सीजन ढलान पर होगा। इसके चलते कुछेक सैलानियों को ही इस सुविधा का लाभ मिल पाएगा।
आलू ग्राउंड में लगेंगे दस चार्जिंग प्वाइंट
मनाली-रोहतांग के बीच चलने वाली 26 इलेक्ट्रिक बसों के लिए मनाली के आलू ग्राउंड में दस चार्जिंग प्वाइंट लगाए जा रहे हैं। एचआरटीसी ने आलू ग्राउंड में चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम शुरू कर दिया है। एक प्वाइंट पर तीन से चार बसों को एकसाथ चार्ज करने की सुविधा मिलेगी।
बोले; एक दिन में हटाओ वर्कशॉप, नहीं तो करूंगा सस्पेंड
कुल्लू। जिला मुख्यालय में लोगों को अब जल्द ही अखाड़ा बाजार में लोकल बस अड्डा मुहैया होगा। परिवहन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने अखाड़ा बाजार के लोकल बस अड्डे में चल रही केलांग डिपो की वर्कशॉप को शिफ्ट करने के आदेश दिए हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को चेताया है कि अगर एक दिन के अंदर केलांग डिपो की वर्कशॉप को यहां से हटाकर किसी दूसरी जगह पर शिफ्ट नहीं किया तो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया जाएगा। परिवहन मंत्री ने प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई।
मंत्री ने कहा कि लंबे समय से चल रही लोगों की मांग पर आखिर क्यों गौर नहीं हो रहा है? वर्कशॉप को लोगों की मांग के बावजूद दूसरी जगह पर शिफ्ट क्यों नहीं किया जा रहा है? मंत्री ने कहा कि वर्कशॉप को सरवरी बस स्टैैंड या किसी अन्य जगह पर शिफ्ट करो। गौर रहे कि अखाड़ा बाजार में लोकल बस अड्डे की मांग शहरवासी काफी लंबे समय से कर रहे हैं।
लोकल बस अड्डे के स्थान पर एचआरटीसी केलांग डिपो की वर्कशॉप चल रहा है। जिसे हटाया नहीं जा रहा है। दो साल पहले परिवहन मंत्री ने अखाड़ा बाजार में ही लोकल बस अड्डे का उद्घाटन भी किया था। लेकिन अभी तक लोगों की मांग पूरी नहीं हो सकी।
वहीं अखाड़ा बाजार में लोकल बस स्टेंड की मांग को लेकर शनिवार दोपहर को व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल भी मिला। प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल के प्रधान राजेश सेठ के अलावा नगर परिषद कुल्लू की पार्षद उष्मष शर्मा, कुबजा ठाकुर के अलावा ओंकार शर्मा और अमर ठाकुर आदि मौजूद रहे। उन्होंने भी इसी मसले को लेकर परिवहन मंत्री को अवगत करवाया।
अखाड़ा बाजार से शुरू हो सकेंगी बसों की आवाजाही अखाड़ा बाजार में लोकल बस अड्डा खुलने से बसें अखाड़ा बाजार से होकर जा सकेंगी। बिजली महादेव, भेखली-व्यासर आदि लोकल रूटों पर चलने वाली बसें यहीं चलेंगी।
इससे पहले लोकल रूटों पर चलने वाले सरवरी बस से वाया भूतनाथ पुल होकर जाती हैं। लेकिन अखाड़ा बाजार में लोकल बस अड्डे से बसों की आवाजाही अखाड़ा बाजार होकर संभव हो पाएगी। इससे अखाड़ा बाजार के व्यापारियों का कारोबार में ओर गति आएगी।