प्रदेश कांग्रेस की जंबो कार्यकारिणी नहीं बनेगी। प्रदेश कार्यकारिणी में तय संख्या में नए पदाधिकारी बनाए जाएंगे। समर्पित और निष्ठावान नेताओं और कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी। जिन नेताओं ने पार्टी के विभिन्न पदों में रहकर संतोषजनक काम नहीं किया है, उन्हें कार्यकारिणी से बाहर करने की तैयारी है। मौजूदा जंबो कार्यकारिणी पर कई सवाल उठते रहे हैं।
कई पदाधिकारियों की निष्क्रियता को लेकर भी प्रश्न उठाए जाते रहे हैं। नई कार्यकारिणी में संतुलन बनाने की कवायद भी की जा रही है। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने वर्तमान कार्यकारिणी में कुछ नए पदाधिकारी बनाए हैं।
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को तुरंत भंग करने की संस्तुति पहले ही हाईकमान से की जा चुकी है। हाईकमान से मंजूरी मिलते ही नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाना है। इसमें करीब चालीस पदाधिकारियों को शामिल किया जाना तय है। लोकसभा चुनाव में जो पदाधिकारी सिर्फ पद हासिल करने तक सीमित रहे हैं, उनके पद भी छीने जा सकते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार हाईकमान चाहता है कि प्रदेश कार्यकारिणी ज्यादा बड़ी न बनाई जाए। इसमें ऐसे पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा जाए, जो पार्टी के कार्यक्रमों में विशेष रुचि रखते हैं। प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की लंबी चौड़ी फौज खड़ी करने से बेहतर है कि कम संख्या के पदाधिकारियों वाली दमदार कार्यकारिणी तैयार की जाए।
लोकसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पहले ही कह चुके हैं कि नई प्रदेश कार्यकारिणी सीमित संख्या में बनेगी। इसी तरह से जिलों की कार्यकारिणी भी सीमित ही होगी।