कर्फ्यू के बीच विशेष पास और पैदल लोग अब एक से दूसरे जिले में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। अंतरराज्यीय सीमाओं पर रोक के बाद अब एक से दूसरे जिले में जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक जिले से दूसरे जिले में आने-जाने और राज्य के बाहर लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। जो लोग पहले ही राज्य में प्रवेश कर चुके हैं, उन्हें सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित क्वारंटाइन केंद्रों में रखा जाए।
उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जो लोग विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं, उनके लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था की जाए। जिला प्रशासन सुनिश्चित करे कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु रूप से बनी रहे। उन्होंने कहा कि फंसे हुए लोगों की सुविधा के लिए स्कूलों और डाइट भवनों में बनाए गए कैंपों में स्वच्छता का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। फंसे हुए लोगों को उसी स्थान पर बने रहने के लिए भी प्रेरित करें।