फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोरंज उपचुनाव: मतगणना से पहले कांग्रेस प्रत्याशी का बीपी बढ़ा, अस्पताल पहुंचीं

Thu, 13 Apr 2017 08:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
भोरंज उपचुनाव की वीरवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी, लेकिन प्रत्याशियों का ब्लड प्रेशर बीते दो दिनों से बढ़ गया है। जैसे-जैसे मतगणना की समय नजदीक आता गया, प्रत्याशियों की तबीयत और अधिक बिगड़ती गई। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमिला देवी भी दो दिन से अस्वस्थ चल रही हैं।
विज्ञापन


वह अपने स्वास्थ्य का चेकअप करवाने के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय हमीरपुर पहुंच गईं। अस्पताल में विशेषज्ञों ने उन्हें कुछ टेस्ट करवाने के लिए कहा है। यही हाल अन्य प्रत्याशियों का भी सुनने को मिला।

वहीं, जिला निर्वाचन विभाग ने मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। भीड़ की आशंका के चलते जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। आईटीबीपी के अलावा प्रदेश पुलिस के अतिरिक्त जवानों को स्थिति नियंत्रण में करने के लिए पहले से मुस्तैद कर दिया गया है।
विज्ञापन


बीजेपी और कांग्रेस समेत कुल पांच उम्मीदारों का भविष्य ईवीएम में कैद है, जो वीरवार सुबह खुल जाएगा। मुख्य रूप से मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच ही है। दोनों राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि दोपहर एक बजे से पहले ही चुनाव नतीजे सबके सामने होंगे।
:
तबीयत खराब होने पर लिया उपचार : प्रमिला
कांग्रेस प्रत्याशी प्रमिला देवी ने कहा कि तबीयत खराब होने के कारण चेकअप के लिए हमीरपुर अस्पताल आई हूं। बीते एक महीने से जनसंपर्क अभियान के कारण तबीयत खराब हो गई थी। लैब टेस्ट और विशेषज्ञ की सलाह पर उपचार लिया जा रहा है।

यहां होगी मतगणना
भोरंज उपचुनाव को लेकर रविवार 9 अप्रैल को मतदान हुआ। कांग्रेस से प्रमिला देवी, बीजेपी से डा. अनिल धीमान, निर्दलीय पवन कुमार, डा. रमेश डोगरा और कुसुम आजाद उपचुनाव में भाग ले रहे हैं।

विधानसभा के 99 मतदान केंद्रों पर वोटिंग के बाद ईवीएम को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में स्थापित स्ट्रांग रूम में रखा गया है।

विस के 73975 मतदाताओं में से 46848 ने ईवीएम के माध्यम से मतदान किया है। एसडीएम भोरंज एवं रिटर्निंग अधिकारी एसके पराशर ने कहा कि वीरवार सुबह आठ बजे रावमापा स्कूल भोरंज में उपचुनाव की मतगणना होगी।

शांति एवं कानून व्यवस्था के प्रबंध पूरे: बौद्ध
जिला पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अजय सिंह बौद्ध ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में वीरवार सुबह उपचुनाव को लेकर मतगणना होगी। आईटीबीपी के अलावा प्रदेश पुलिस के जवानों को मतगणना स्थल पर तैनात किया गया है।

उपचुनाव को भेजे बेलट पेपर नहीं पहुंचे वापस 
विधानसभा क्षेत्र भोरंज से भारतीय सेना में सेवारत जवानों के लिए भेजे गए बेलट पेपर वापस भोरंज नहीं पहुंचे हैं। जिला निर्वाचन विभाग ने 26 मार्च को सेना में सेवारत सैनिकों और जेसीओ समेत अन्य अधिकारियों को डाक विभाग के माध्यम से बेलट पेपर भेजे थे। रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 2191 बेटल पेपर भेजे गए।

जिसकी बकायदा रसीद भी जिला निर्वाचन विभाग के पास है। हमीरपुर जिला प्रदेश का ऐसा जिला है, जहां से सबसे अधिक आर्मी जवान हैं। जिला से हर तीसरा व्यक्ति भारतीय सेना में सेवारत है। 9 अप्रैल को भोरंज के 99 मतदान केंद्रों पर मतदान हो चुका है। अब वीरवार, 13 अप्रैल को मतगणना होगी।

जिसमें पांच प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला होना है। लेकिन 12 अप्रैल रात आठ बजे तक भोरंज में बेलट पेपर नहीं पहुंच पाए हैं। जिला निर्वाचन विभाग ने बुधवार को डाक विभाग के आला अधिकारियों से संपर्क कर मदद की मांग की है। निर्वाचन विभाग ने डाक विभाग को यहां कहा है कि हर जगह संपर्क कर वीरवार सुबह आठ बजे से पहले बेलट पेपर भोरंज पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। बेलट पेपर न पहुंचने की स्थिति में केवल ईवीएम के माध्यम से चुनाव के प्रत्याशियों की जीत का फैसला होगा।

कम मतों की अंतर से हार चुके हैं यह प्रत्याशी
2191 बेलट पेपर किसी की हार-जीत में बहुत महत्व रखते हैं। चूंकि पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी नीरज चौधरी यहां भाजपा विधायक आईडी धीमान से 400 मतों से पराजित हुए थे। जबकि दूसरी बार कांग्रेस से ही प्रत्याशी सुरेश कुमार करीब 800 मतों से हारे हैं। बेलट पेपरों की अधिक संख्या देख अब हर किसी की नजर सुबह आठ बजे तक बेलट के पहुंचने पर टिकी हुई है।

एसडीएम भोरंज एवं रिटर्निंग अफसर एसके परशर ने कहा कि भोरंज से 2191 बेलट पेपर आर्मी हैडक्वार्टर के लिए भेजे गए थे। उन्होंने कहा कि इन बेलट पेपरों को साधारण डाक के बजाय रजिस्टर्ड डाक से भेजा गया था। लेकिन बुधवार शाम तक बेलट पेपर नहीं पहुंचे हैं। 

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हमीरपुर मदन चौहान ने कहा कि भोरंज में वीरवार सुबह आठ बजे मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि बेलट पेपर नहीं पहुंचे हैं और इस बारे में डाक विभाग के उच्चाधिकारियों को खास दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। अगर सुबह आठ बजे से पहले बेलट पेपर पहुंच गए तो इन्हें मतगणना में शामिल किया जाएगा, अन्यथा ईवीएम के आधार पर रिजल्ट घोषित होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें