अगर घर पर कोई पुराना खराब स्मार्ट फोन बेकार पड़ा है तो आप इसे राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को 20 रुपये में बेच सकते हैं। खराब लैपटॉप 120 रुपये में खरीदा जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सोमवार से ई-कचरा संग्रह अभियान शुरू किया है जो 21 अक्तूबर तक चलेगा। अभियान के तहत कीपैड फोन 5 रुपये, डेस्कटॉप कंप्यूटर 150 रुपये में खरीदा जाएगा। ई-कचरा निपटान को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मैसर्ज शिवालिक वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड और इनर व्हील क्लब शिमला मिडटाउन के सहयोग से विशेष अभियान शुरू किया है। 21 अक्तूबर तक प्रदेश में बोर्ड के 11 क्षेत्रीय कार्यालयों बद्दी, बिलासपुर, मंडी, शिमला, रामपुर, परवाणू, धर्मशाला, ऊना, पांवटा साहिब, कुल्लू और चंबा में ई-कचरा संग्रह एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा।
सोमवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बोर्ड के मुख्य कार्यालय न्यू शिमला से मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव अनिल जोशी ने बताया कि ई-कचरे में सीसा, कैडमियम, पारा और ब्रोमिनेटेड फ्लेम रिटार्डेंट विषाक्त पदार्थ होते हैं। इसके चलते इसका सुरक्षित निपटान आवश्यक है। ई-कचरे को बद्दी और नालागढ़ में स्थित यूनिट में रीसाइकिल किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी डाॅ. मनोज चौहान, संयुक्त नियंत्रक विकास गुप्ता, पर्यावरण अभियंता ललित कुमार और वैज्ञानिक अधिकारी शशि शेखर मौजूद रहे।
17 अक्तूबर को ई-कचरा कियोस्क उपायुक्त कार्यालय शिमला में स्थापित रहेगा। 18 को प्रदेश सचिवालय, 19 को कनलोग, खलीनी, छोटा शिमला, संजौली, ढली, भट्ठाकुफर, 20 को पंथाघाटी, कसुम्पटी, विकासनगर, मैहली, मल्याणा और 21 को फागली, टूटीकंडी, चक्कर, टुटू और तारादेवी में लोग ई-कचरा जमा करवा पाएंगे।
15 रुपये प्रति वस्तु की दर पर खरीदी जाएगी वस्तुएं
ई-कचरे मोबाइल चार्जर, नोटपैड, टेबलेट, प्रिंटर, पावर कार्ड, केबल, सर्वर, मॉडम, सीपीयू, एलसीडी, माउस, की बोर्ड, टोनर, हार्ड डिस्क, मदर बोर्ड, एम्पलीफायर, स्पीकर, टोनर, लैंडलाइन फोन, चार्जर, रेफ्रिजरेटर, वाॅशिंग मशीन और एयर कंडीशनर के लिए 15 रुपये प्रति वस्तु दाम निर्धारित है।