हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सभी राज्यों को पछाड़ते हुए अखिल भारतीय स्तर पर नवीनतम अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क (सीसीटीएनएस) प्रगति रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग जनवरी 2023 के लिए जारी की गई है। हिमाचल पुलिस ने अखिल भारतीय सीसीटीएनएस रैंकिंग में अब तक हावी रहे कई राज्यों से आगे बढ़कर प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया है।
पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि यह सीसीटीएनएस परियोजना कार्यान्वयन में शामिल वरिष्ठ अधिकारियों के सक्षम मार्गदर्शन के तहत एससीआरबी में सभी फील्ड स्तर के पुलिस अधिकारियों और राज्य स्तरीय सीसीटीएनएस टीम के समर्पित और संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ है। यह प्रणाली डिजिटल तरीके से अपराधियों की ट्रैकिंग और पुलिस जांच को अपनाने से संबंधित है।
इससे पहले भी मिले अवार्ड
सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट के सफल कार्यान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश ने सभी मापदंडों को पूरा किया है। पहाड़ी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में सीसीटीएनएस प्रोजेक्ट में हिमाचल प्रदेश पुलिस पहले लगातार तीन वर्षों 2020, 2021 और 2022 तक पहले स्थान पर रही है। इसके लिए हिमाचल पुलिस को नई दिल्ली में सम्मानित किया गया।
राज्य प्राप्त अंक (फीसदी) रैंक
हिमाचल प्रदेश 99.77 पहला
उत्तर प्रदेश 99.01 दूसरा
गुजरात 97.08 तीसरा
दिल्ली 96.72 चौथा
हरियाणा 96.40 पांचवां