पुलिस विभाग ने हाल ही में बीए पास आरक्षी को जांच अधिकारी बनाने की पहल तो की है लेकिन आरक्षी को जांच अधिकारी बनने से पहले लंबी प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके लिए आरक्षी को पहले जहां लिखित परीक्षा कम से कम 50 फीसदी अंक के साथ पास करनी होगी, वहीं प्रेक्टिकल परीक्षा में भी कम से कम 70 फीसदी अंक प्राप्त करने होंगे।
यह परीक्षा पूरे प्रदेश में होगी। इसके लिए बिलासपुर पुलिस की ओर से तैयार किए गए परीक्षा पत्र के माध्यम से परीक्षा ली जाएगी। इस परीक्षा को पास करने के बाद ही बीए पास आरक्षी को जांच अधिकारी की जिम्मेदारी दी जाएगी।
डीएसपी बिलासपुर (हेड क्वार्टर) संजय शर्मा ने बताया कि बिलासपुर में 150 आरक्षी इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं। कुछ समय पूर्व पुलिस विभाग ने निर्देश जारी किए थे कि बीए पास आरक्षी को जांच अधिकारी बनाया जाएगा। यह फैसला प्रदेश के थानों में जांच अधिकारियों की कम होती संख्या को देखते हुए लिया था।
लेकिन, इससे पहले आरक्षी को परीक्षा देनी होगी। लिखित परीक्षा पास करने के बाद थाने में जांच अधिकारी के साथ उक्त आरक्षी काम करेंगे। इसके बाद प्रेक्टिकल में 70 फीसदी अंक के साथ पास होने वाले लोगों को जांच अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।