सावन का महीना है और अजय की बनाई भगवान शिव की पेंटिंग देखकर शिवभक्त काफी आकर्षित हो रहे हैं। पुलिस थाना में वह आवासीय भवनों की दीवारों, कागज और कपड़ों पर चित्र बनाते हैं। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के चित्र बनाकर उनसे वाहवाही भी लूट चुके हैं। पुलिस विभाग को भी इस चित्रकार कर्मचारी की सेवाओं का लाभ मिलता रहा है। अगर किसी अपराधी का स्कैच तैयार करना हो तो अजय की मदद ली जाती है।
अजय राणौत हमीरपुर के उपमंडल बड़सर के तहत गांव चौकी बड़ा के रहने वाले हैं। उन्होंने 12वी कक्षा तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महारल से की है। वर्ष 1995 में पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए। स्कूल के दौरान उनकी चित्रकला में गहरी रुचि है। उन्हें जब भी खाली समय मिलता है, वह कागज, कलम, दवात और पेंटिंग ब्रश लेकर धार्मिक, प्राकृतिक और विभिन्न तरह के चित्र बनाना शुरू कर देते हैं।