पुलिस ने तस्करों की गिरफ्तारी, नेटवर्क तोड़ने और जन-जागरूकता फैलाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। कांगड़ा, ऊना, सोलन और मंडी जिले में युवाओं में नशे की प्रवृत्ति अधिक पाई गई है। पिछले वर्ष के मुकाबले प्रदेश में चिट्टे के मामलों में 9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पड़ोसी राज्यों से अंतरराज्यीय तस्करी मार्ग, बेरोजगारी और सामाजिक दबाव, कम दाम पर आसान उपलब्धता तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार के कारण प्रदेश में चिट्टा बड़ी समस्या बनी है।
शिमला, कांगड़ा, ऊना, सोलन और मंडी जिले के युवाओं में नशे की प्रवृत्ति अधिक देखी जा रही है। राज्य में नशे की रोकथाम के लिए एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धाराओं 21, 22, 27 और 29 में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चिट्टा की छोटी मात्रा रखने पर भी एक वर्ष तक की सजा या 10,000 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है, जबकि अधिक मात्रा पर 10 से 20 वर्ष तक की सजा और 2 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। पुलिस महानिदेशक ने अपील की है कि किसी भी नशा-संबंधी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर दें।