फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल पंचायत चुनाव: मंडी के चौंतड़ा से 30 मत पत्र गायब, एआरओ समेत नौ कर्मचारी हटाए गए; प्राथमिकी कराई दर्ज

Sun, 24 May 2026 09:42 AM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, चौंतड़ा (मंडी)।

सार

पंचायती राज चुनाव से तीन दिन पहले उपमंडल की चौंतड़ा ब्लॉक से मत पत्र गायब हो गए। ब्लॉक की पंचातय गलू के वार्ड नंबर तीन के यह 30 मत पत्र थे। मामला सामने आते ही एसडीएम जोगेंद्रनगर ने एआरओ सहित डयूटी पर तैनात नौ कर्मचारियों को हटा दिया है।
विज्ञापन
पंचायत चुनाव 2026 - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चौंतड़ा विकास खंड से पंचायती राज चुनाव के 30 मत पत्र गायब होने का मामला सामने आया है। पंचायत गलू के वार्ड तीन के ये मत पत्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा से गायब हुए।  इसका खुलासा होते ही प्रशासन व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस पर एआरओ सहित चुनाव ड्यूटी में तैनात नौ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। मामले में जोगिंद्रनगर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग को भी इसकी सूचना भेज दी गई है।

विज्ञापन

उपायुक्त मंडी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत अपूर्व देवगन ने मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने गायब हुए सभी मत पत्रों को भी खारिज कर दिया है। चौंतड़ा विकास खंड के तहत पंचायत गलू के मत पत्र लेखन संबंधित कार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा में चल रहा था। गलू पंचायत के कुल 5 वार्डों के लिए 1410 मत पत्र जारी हुए थे। मतपत्र के आवंटन और लेखन कार्य के बीच यह कम पाए गए। यह मत पत्र प्रधान पद से जुड़े हुए थे।

खंड विकास अधिकारी अनुभव तनवर ने इसकी सूचना एसडीएम जोगिंद्रनगर को दी। एसडीएम जोगिंद्रनगर चौंतड़ा पहुंचे और एआरओ सहित संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की। मामले को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि एक ही वार्ड के 30 मत पत्र आखिर कहां और कैसे गायब हो गए। एसडीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त मंडी को भेज दी है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई। इससे पहले अन्य जिलों में भी मत पत्र गायब होने के मामले सामने आ चुके हैं। उधर, उपायुक्त मंडी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन ने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

उम्मीदवार का निधन... वार्ड सदस्य का चुनाव रद्द
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सदर विकास खंड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत सयोग के वार्ड नंबर-5 में होने वाला पंचायत चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग ने रद्द कर दिया है। आयोग ने वार्ड सदस्य पद के लिए प्रस्तावित मतदान को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए नए सिरे से चुनाव कराने के आदेश जारी किए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस वार्ड से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार भीम सिंह पुत्र किशन चंद का 21 मई को आकस्मिक निधन हो गया। रिटर्निंग ऑफिसर-कम-एसडीएम (सदर) मंडी की ओर से इस संबंध में आयोग को रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके आधार पर यह निर्णय लिया गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची की ओर से ाजारी आदेशों में कहा गया है कि संविधान के अनुच्छेद 243 के तथा पंचायती राज अधिनियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए चुनाव रद्द किया गया है। अब वार्ड नंबर-05 में सदस्य पद के लिए नए सिरे से (डी-नोवो) चुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग जल्द ही नए चुनाव कार्यक्रम और मतदान तिथियों की घोषणा करेगा।

बामटा पंचायत में गुम हुए 50 मतपत्र अमान्य घोषित
पंचायत बामटा में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रधान पद से संबंधित 50 मतपत्र गुम होने का मामला सामने आने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित सभी मतपत्रों को अमान्य घोषित कर दिया है। आयोग ने दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए यह आदेश जारी किए हैं। बामटा पंचायत के वार्ड नंबर-01 जंगल सुंगल में प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के नाम मतपत्रों पर अंकित किए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान मतपत्र क्रमांक 58001 से 58050 तक लापता पाए गए।
विज्ञापन

चुनाव संबंधी प्रक्रिया सहायक रिटर्निंग अधिकारी के रूप में कार्यरत डॉ. दिनेश कुमार की निगरानी में हो रही थी। मतपत्र गुम होने की जानकारी मिलते ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी गई। उधर, उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और गुम हुए मतपत्रों की तलाश की जा रही है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि उक्त मतपत्र राज्य में कहीं भी प्राप्त होते हैं अथवा किसी मतपेटी में पाए जाते हैं तो सूचना तुरंत राज्य निर्वाचन आयोग को दी जाए। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें