हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी भाषाओं की स्वतंत्र पहचान को लेकर रूसी विद्वानों ने महत्वपूर्ण अध्ययन किया है। शोधकर्ताओं के अनुसार कांगड़ी, मंडयाली, कुल्लवी, महासूवी और सिरमौरी केवल हिंदी की बोलियां नहीं, बल्कि अपनी अलग संरचना और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि रखने वाली इंडो-आर्यन भाषाएं हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी भाषाएं केवल हिंदी की बोलियां नहीं हैं, बल्कि भाषा वैज्ञानिक दृष्टि से स्वतंत्र इंडो-आर्यन भाषा समूह का हिस्सा हैं। रूसी विज्ञान अकादमी के प्राच्य अध्ययन संस्थान के विद्वानों ने अपने अध्ययन में इन्हें हिंदी की बोलियां मानने की आधिकारिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
अध्ययनकर्ताओं के अनुसार इन भाषाओं की अपनी स्वतंत्र संरचना, शब्दावली और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। प्राच्य अध्ययन संस्थान से जुड़ी अनास्तासिया एस क्रायलोवा और इल्या बी स्पेक्टर ने यह शोध किया है। क्रायलोवा ने वर्ष 2014 से 2023 के बीच कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों में छह क्षेत्रीय शोध अभियानों में हिस्सा लिया। इन अभियानों में स्थानीय लोगों से बातचीत कर भाषा के शब्द, उच्चारण, व्याकरण और लोकपरंपराओं की जानकारी जुटाई गई। इस अध्ययन को रूसी विज्ञान फाउंडेशन से आर्थिक सहयोग भी मिला है।
इल्या बी स्पेक्टर और अनास्तासिया एस क्रायलोवा का शोधपत्र ‘हिमाचली, कुल्लुई या हिंदी : भारत में भाषाई पहचान की विशेषताएं, हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में’ रूसी विज्ञान अकादमी के जर्नल एशिया एंड अफ्रीका टुडे में भी प्रकाशित हो चुका है।
नग्गर से शुरू हुआ कुल्लवी भाषा का अध्ययन
हिमाचल की भाषाओं पर यह स्टडी वर्ष 2013 में शुरू हुई थी। अगस्त 2013 में शोधकर्ता एलेना एम क्न्याजेवा ने कुल्लू के नग्गर गांव का दौरा कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई। इसके बाद नवंबर-दिसंबर 2014 में पहला विस्तृत शोध अभियान चलाया। इसमें नग्गर, कुल्लू और मनाली के गांवों से कुल्लवी भाषा के 100 मूल शब्दों की सूची, व्याकरण प्रश्नावलियां और लोककथाएं जुटाई गईं। टांकरी लिपि के पुराने दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां भी ली गईं। वर्ष 2016, 2018, 2022 और 2023 के अभियानों के आधार पर कुल्लवी भाषा का डिजिटल भाषाई संग्रह भी तैयार किया है।
टांकरी लिपि बंद होने से नुकसान
अध्ययनकर्ताओं के अनुसार 20वीं सदी के मध्य तक टांकरी लिपि का प्रयोग लगभग बंद होने से पहाड़ी भाषाओं की पुरानी लिखित परंपरा को नुकसान पहुंचा। कांगड़ी, मंडयाली, कुल्लवी, महासूवी और सिरमौरी जैसी भाषाओं की अपनी अलग विशेषताएं हैं। इनके लिए कोई एक मानकीकृत लेखन पद्धति विकसित नहीं हो पाई है। वहीं, पलायन और नई पीढ़ी में मातृभाषाओं का चलन घटने से भी इनके संरक्षण पर असर पड़ रहा है।
पहाड़ी बोलियों का वाक्य विन्यास अलग : प्रो. वरयाम
वरिष्ठ साहित्यकार एवं जेएनयू में रूसी भाषा विभाग के पूर्व प्रोफेसर वरयाम सिंह कहते हैं कि हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों का बोली समूह इंडो-ईरानियन परिवार से रहा है, जिसे अब इंडो-आर्यन भी कहा जाता है। पहाड़ी बोलियों का वाक्य विन्यास संस्कृत, अंग्रेजी और फ्रेंच के निकट है, क्योंकि इनमें क्रिया का इस्तेमाल मध्य में होता है, जबकि हिंदी में अंत में होता है।