मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार उच्च शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों में सिर्फ ट्यूशन फीस लेने के आदेश वापस ले लिए हैं। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा की ओर से जारी पत्र में कहा है कि सरकार ने ट्यूशन फीस के अलावा सभी फंड कोरोना संकट को देखते हुए स्थगित किए थे। मई में जारी आदेशों को वापस लिया जाता है। उधर, पुरानी फीस वसूली पर असमंजस अभी बरकरार है। उच्च शिक्षा निदेशालय से जारी निर्देशों में लॉकडाउन की पूरी फीस लेने या ना लेने को लेकर स्थिति अस्पष्ट है। विभागीय अधिकारी कुछ भी बोलने से गुरेज कर रहे हैं। अधिकारियों की इस चुप्पी ने लाखों अभिभावकों को अधर में फंसा कर अपना पल्ला झाड़ लिया है। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से बुधवार को प्रदेश के निजी स्कूलों के प्रिंसिपलों और हेडमास्टरों को जारी किए गए पत्र में बताया गया कि 26 मई 2020 को सरकार ने कोरोना संकट के चलते सिर्फ ट्यूशन फीस ही अभिभावकों से लेने के निर्देश दिए थे। अब इन आदेशों को वापस ले लिया गया है।