हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने रविवार को प्रदेश के 131 परीक्षा केंद्रों में टीजीटी नॉन मेडिकल और भाषा अध्यापक की शिक्षक पात्रता (टेट) परीक्षा करवाई। शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं के लिए 12,820 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए थे। कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए परीक्षा के दौरान उचित दूरी के नियम का पूरा ध्यान रखा गया।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी और सचिव डॉ. मधु चौधरी ने बताया कि रविवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड ने टीजीटी नॉन मेडिकल की अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेश में 76 परीक्षा केंद्र बनाए थे। इस दौरान 7,922 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए थे। यह परीक्षा सुबह के सत्र में हुई। दूसरे सत्र में प्रदेश भर में 55 परीक्षा केंद्रों में भाषा अध्यापक विषय के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा (एलटी) करवाई गई।
उन्होंने बताया कि एलटी की परीक्षा के लिए 4,898 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। भारी बारिश के बीच हुई यह परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान कोविड नियमों का भी पालन किया गया। अब टीजीटी आर्ट्स के 18,625 अभ्यर्थियों के लिए 145, टीजीटी मेडिकल के 6,135 अभ्यर्थियों के लिए 63 और पंजाबी के 242 और उर्दू विषय के 18 अभ्यर्थियों के लिए एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है।