प्रदेश में 11 जुलाई तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। रविवार को राजधानी शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में मौसम खुला रहा। कांगड़ा जिले के अधिकांश हिस्सों में शनिवार रात आंधी, तूफान और मानसून की तेज बारिश ने कहर मचाया है। जहां कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही, वहीं धर्मशाला शहीद स्मारक के पास पेड़ गिरने से सेल्फी प्वाइंट का बोर्ड टूट गया।
इसके अलावा पेड़ के नीचे युद्ध संग्रहालय में स्थापित एचपीटी-32 विमान भी दब गया। धर्मशाला सिविल लाइन में निजी क्लीनिक की छत उड़ गई। पालमपुर में आंधी, बारिश से मकान पर पेड़ गिर गया। परौर क्वारंटीन सेंटर की छत से पानी टपकने के चलते वहां क्वारंटीन लोगों को दिक्कत पेश आई। नूरपुर के वार्ड-2 में शनिवार शाम को बिजली गिरने से मंगल दास के घर को नुकसान हुआ है, जबकि आसपास के अन्य घरों के भी बिजली के उपकरण जल गए। उधर लाहौल घाटी की चोटियां बर्फ की परत जमने से सफेद हो गई हैं।
यहां मौसम ठंडा हो गया है। रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला में बर्फ की चादर अभी तक पिघल नहीं पाई है। कुल्लू में ब्यास, पार्वती नदी और सरवरी नाला उफान पर रहा। चंबा में भी भारी बारिश से रावी का जलस्तर बढ़ गया है। चंबा प्रीणा पंचायत में नाले में बिजली का तार गिरने से चार बकरियों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन बकरियां नाले में बह गईं।
प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान केलांग 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। प्रदेश के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला 13.6, सुंदरनगर 20.0, भुंतर 17.8, कल्पा 10.4, धर्मशाला 18.6, ऊना 21.2, नाहन 20.1, केलांग 7.5, पालमपुर 16.0, सोलन 17.4, मनाली 11.8, कांगड़ा 19.6, मंडी 19.1, बिलासपुर 22.0, हमीरपुर 22.4, चंबा 19.3, डलहौजी 16.7 और कुफरी 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।