पर्यटन नगरी मनाली बॉलीवुड का पसंदीदा शूटिंग स्थल बनता जा रहा है। हाल ही में कई सितारे यहां की वादियों में फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं। शुक्रवार को अभिनेत्री रवीना टंडन वेब सीरीज की शूटिंग के लिए मनाली आ रही हैं। वह करीब 40 दिन तक मनाली के कोठी, गुलाबा और सोलंगनाला समेत अन्य स्थलों पर शूटिंग करेंगी।
लॉकडाउन खुलने के बाद बॉलीवुड की नामचीन हस्तियों ने मनाली का रुख किया है। पिछले कुछ माह से यह सिलसिला लगातार जारी है। एक शूटिंग यूनिट के लौटते ही दूसरी शूटिंग यूनिट मनाली पहुंच जाती है।
मशहूर गायक बादशाह भी मनाली की वादियों में सुकून के लम्हे गुजार चुके हैं। शिल्पा शेटटी और परेश रावल समेत कई कलाकार हंगामा-2 फिल्म की शूटिंग के लिए मनाली आए थे। उनके जाते ही साउथ के सुपर स्टार नागार्जुन एक तेलुगू फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंचे। अब सावधान इंडिया की वेब सीरीज के लिए सुशांत सिंह भी मनाली पहुंचे हैं।