फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घास लाने गए व्यक्ति का झाड़ियों में मिला शव, मामले की छानबीन शुरू

Fri, 12 Feb 2021 04:38 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, हमीरपुर
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हमीरपुर जिले में पुलिस चौकी गलोड़ के तहत पड़ते खोरड़ गांव में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला है। इसकी पहचान स्थानीय गांव निवासी विजय कुमार (45) पुत्र सीता राम के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डीएसपी और थाना प्रभारी बड़सर भी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

विज्ञापन


गांव खोरड़ निवासी विजय का शव घर से आधा किलोमीटर दूर झाड़ियों के पास मिला है। विजय कुमार गरीब परिवार से संबंधित था और पेंटर का काम करके अपने परिवार का गुजर बसर कर रहा था। वह अपने पीछे पत्नी तथा 12 साल का बेटा छोड़ गया है। विजय वीरवार शाम को घर से पशुओं के लिए चारा लाने निकला था। जब वह देर शाम तक वापस घर नहीं आया तो परिजनों ने पड़ोसियों के साथ मिल कर उसकी तलाश की। लेकिन, उसका कोई पता नहीं चला।

सुबह जब परिजन तलाश करते गलोड़ स्कूल से लगभग 500 मीटर दूर पानी का नालू नामक स्थान पर पहुंचे तो झाड़ियों के पास विजय कुमार का शव पड़ा था। उसके निकट ही एक पेड़ की टहनी कटी हुई थी और शव के दूसरी ओर दराट पड़ा हुआ था। हालांकि, मौत का प्रारंभिक कारण पेड़ से गिरना माना जा रहा है, लेकिन सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद लगेगा। शव देखकर लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी गलोड़ में दी।
विज्ञापन


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों के बयान भी कलमबद्ध किए। परिजनों ने किसी पर भी कोई शक जाहिर नहीं किया। डीएसपी जसवीर सिंह ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा किया तथा गहनता से छानबीन की। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। छानबीन जारी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें