होशियार बोले- बिना डीपीआर, पैसे के अनुराग ने शिलान्यास क्यों करवाया
जयराम सरकार के देहरा से एसोसिएट विधायक होशियार सिंह ने अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2010 में सीयू की अधिसूचना जारी हो गई थी। उस समय धूमल सरकार ने कक्षाएं शाहपुर में क्यों बैठाई। बिना डीपीआर, बिना पैसा मंजूर, बिना टेंडर केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकसभा चुनाव से पहले शिलान्यास क्यों करवाया। अनुराग बताएं कि 500 करोड़ रुपये किसके खाते में जमा हुए हैं।
रवि बोले - अनुराग ने सही जगह उठाया मामला
देहरा से भाजपा के पूर्व मंत्री रविंद्र रवि ने कहा कि अनुराग ठाकुर को जब अधिकारियों से जवाब नहीं मिला तो क्षेत्र का सांसद होने के नाते सार्वजनिक मंच पर जनता की बात करना गलत नहीं है। देहरा में सीयू के नाम जमीन तो गई लेकिन इंतकाल होना बाकी है। इसी विषय को उठाया गया है।
शांता बोले, मैं पहले बोल चुका हूं अनुराग और जयराम को
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने मामले में प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोनों को कहा था कि वे दोनों एकसाथ बैठकर केंद्रीय विवि के मुद्दे को सुलझाएं।
अनुराग ने सार्वजनिक मंच पर मामला उठाकर सही किया : विप्लव
कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और सांसद विप्लव ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने पिछली बार भी सीएम से आग्रह किया था। उसके बाद भी कुछ नहीं हुआ। सांसद की जवाबदेही वोटर के प्रति है। अनुराग ने सार्वजनिक मंच पर सीयू का मामला उठाकर बिल्कुल ठीक किया। जयराम से जनता ही नहीं उनके अपने भी खुश नहीं है, देहरा की जनसभा में यह दिख गया। जयराम अपने लोगों को साथ नहीं लेकर चल पा रहे है।
वीसी बोले, नहीं अटका है काम
केंद्रीय विवि के वीसी कुलदीप अग्निहोत्री ने कहा कि सीयू का काम अटका नहीं हुआ है। धर्मशाला और देहरा कैंपस के लिए 502 करोड़ मंजूर हो चुके हैं। जैसे ही डीपीआर बन जाएगी, काम शुरू हो जाएगा।