फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: सड़क हादसों में तीन परिवारों के आठ लोगों की मौत

Sun, 08 Nov 2020 07:54 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/बद्दी (सोलन)/रोहड़ू
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन परिवारों के आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पांच साल के बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए। एक हादसा शिमला से सटे जुन्गा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बलोग में शनिवार देर रात हुआ, जिसमें जीजा और दो सालों की मौत हो गई।

विज्ञापन


बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर संडोली के समीप दूसरे सड़क हादसे में एक ट्राले के चपेट में आने से एक प्रवासी महिला व उसकी बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीसरे सड़क हादसे में बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर झाड़माजरी के पास एक टैंकर की चपेट में कार के आने से दो महिलाओं और उनके भतीजे कार चालक की मौत हो गई।

शिमला के ढली थाना पुलिस के अनुसार शिमला के जुन्गा में शनिवार देर रात साढ़े ग्यारह बजे अनियंत्रित पिकअप 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में राजेश (21), प्रमोद (25) गांव डुबलू और गोविंद (30) गांव कुफटू ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। हादसे में घायल रविकांत (24) निवासी डुबलू को अस्पताल में भर्ती किया गया है। एएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।

विज्ञापन

उधर, दूसरे हादसे में रविवार अपराह्न तीन बजे बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर संडोली के समीप एक ट्राले की चपेट में आने से एक प्रवासी महिला और उसकी बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति धर्मेंद्र और उसकी दूसरी बेटी घायल हो गए हैं। घायलों को नालागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्राला चालक मौके से भाग निकला। बिहार के जिला सारन के तहसील जलामपुर के बगरा का रहने वाला धर्मेंद्र बाइक पर अपनी पत्नी और दोनों बच्चियों के साथ नालागढ़ से बद्दी की ओर आ रहा था। तभी पीछे से आ रहे ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी। डीएसपी नवदीप सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

तीसरे सड़क हादसे में बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर झाड़माजरी से कुछ मीटर पहले शाहपुर मार्ग पर एक टैंकर की चपेट में कार के आने से कार के चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। पुलिस के अनुसार हरियाणा राज्य के गोरखनाथ-शाहपुर मार्ग से जैसे ही कार बरोटीवाला मार्ग पर चढ़ी तो बद्दी की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे टैंकर ने कार को टक्कर मार दी।

हादसे में मधाला की तृप्ता देवी (48), सीतमो देवी (52) और दोनों महिलाओं के भतीजे कार चालक महेश कुमार (32) की मौके पर ही मौत हो गई है। घायल महिला रमेश कौर को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। कार में सवार पांच साल के बच्चे को भी चोटें आई हैं। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि हादसा टैंकर चालक की लापरवाही से हुआ है।
विज्ञापन

सेल्फी लेने के चक्कर में पब्बर नदी में डूबने से युवक की मौत

हाटकोटी मंदिर में दर्शन करने अपनी मां के साथ आए अर्नब (13) की सेल्फी लेने के चक्कर में पब्बर नदी में गिरने से डूबकर मौत हो गई। रविवार दोपहर को कोटखाई के कलबोग से चंद्रमोहन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ  हाटकोटी मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद वह पब्बर नदी पर डैम साइट पर पब्बर नदी किनारे चले गए।

इस दौरान परिवार के लोग वहां फोटो खींचने लगे। इसी बीच अर्नब का पैर फिसला और वह पब्बर नदी में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से हाटकोटी से एक किलोमीटर आगे सावड़ा पुल के समीप युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। डीएसपी रोहड़ू सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें