हिमाचल प्रदेश में सोमवार से दो घंटों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहेंगी। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक डॉक्टर पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेंगे। हड़ताल के साथ ही डॉक्टर अस्पताल परिसर में गेट मीटिंग करेंगे। एसोसिएशन के महासचिव डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने बताया कि उनकी मुख्य मांग पंजाब वेतन आयोग की सिफारिशों को लेकर है।
विज्ञापन
पंजाब वेतन आयोग के तहत डॉक्टरों का प्रैक्टिसिंग अलाउंस 25 से 20 फीसदी कर बेसिक वेतन से डी-लिंक करने का डॉक्टरों में रोष है। डॉ. वर्मा ने कहा कि डेंटल मेडिकल अफसर संघ, आयुर्वेदिक मेडिकल अफसर संघ, वेटरनेरी अफसर संघ के साथ मिलकर एक मजबूत योजना बनाई जाएगी और इन सिफारिशों का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
इसके अलावा चंबा जिले में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मेडिकल अफसर इंचार्ज के साथ दुर्व्यवहार और उनके परिवारों को मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने के मामले पर भी चर्चा होगी। इस मामले में सरकार से प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।