फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Boulder Crushes Car: चलती कार पर गिरा मलबा, जेई की मौत, दो घायल

Fri, 12 Aug 2022 11:21 PM IST
अरविन्द ठाकुर संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी

सार

चंडीगढ़-मनाली एनएच पर मंडी और कुल्लू के बीच का सफर जानलेवा साबित हो रहा है। फोरलेन निर्माण के लिए हो रही कटिंग से पहाड़ियां कमजोर होकर बरसात में दरक रही हैं। 
विज्ञापन
गाड़ी के उड़े परखच्चे। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़-मनाली एनएच पर मंडी और कुल्लू के बीच का सफर जानलेवा साबित हो रहा है। फोरलेन निर्माण के लिए हो रही कटिंग से पहाड़ियां कमजोर होकर बरसात में दरक रही हैं। शुक्रवार को दोपहर बाद करीब 4:00 बजे साफ मौसम में हणोगी मंदिर के पास चलती कार पर पहाड़ी का मलबा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। गाड़ी में सवार दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। गाड़ी बुरी तरह से चकनाचूर हो गई है। मृतक कुल्लू में लोक निर्माण विभाग में जेई के पद पर तैनात था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि कुमार पुत्र राज कुमार निवासी छतर भद्रवाड़ सरकाघाट के रूप में हुई है। घायलों की पहचान 39 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र राम कृष्ण गहरा सरकाघाट और 40 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र रूप लाल निवासी भद्रवाड़ के रूप में हुई है। दोनों घायल कुल्लू में महेंद्रा फाइनांस में कार्य करते हैं और मंडी की तरफ आ रहे थे। उधर, घटना के बाद सरकाघाट में मातम पसर गया है।

विज्ञापन


चट्टान गिरने से 22 घंटे बंद रहा पठानकोट-मंडी हाईवे
उपमंडल के हराबाग के पास वीरवार देर शाम पठानकोट-मंडी हाईवे पर गिरी बड़ी चट्टान को ब्लास्टिंग से हटाया गया। इस दौरान हाईवे करीब 22 घंटे बंद रहा। वैकल्पिक मार्ग शानन हार-अपर हराबाग में सेना का ट्रक फंस गया। इस कारण जोगिंद्रनगर के गुम्मा से चौंतड़ा तक सैकड़ों वाहन सड़क किनारे फंस गए। करीब 20 किलोमीटर लंबे जाम में हजारों यात्रियों के पसीने छूटे। यातायात व्यवस्थित करने के लिए जोगिंद्रनगर पुलिस थाने के करीब 20 जवान वीरवार देर शाम से शुक्रवार तक हाईवे में तैनात रहे। बावजूद हाईवे पर वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। परिवहन निगम की बसें और आपात वाहन भी जाम में फंसे रहे। जोगिंद्रनगर शहर जाम की चपेट में न आए, इसलिए ढेलू के नजदीक सभी प्रकार के वाहनों को रोक दिया गया। 

 शहर से करीब चार किलोमीटर दूर हराबाग के नागचला में वीरवार देर शाम करीब 6 बजे एक चट्टान हाईवे पर गिर गई। इसे शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे तक हटाया जा सका। हाईवे बाधित होने और वैकल्पिक मार्ग पर जाम लगने से ऑफिसों में कर्मचारी और अधिकारी देरी से पहुंचे। सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर की सुरक्षा प्रभारी सरिता ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार सुबह गुम्मा से जोगिंद्रनगर शहर तक जाम के चलते वह भी अस्पताल में 11:30 बजे पहुंची। थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि हराबाग के नजदीक हाईवे पर बड़ी चट्टान गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई। वैकल्पिक मार्ग में सेना का वाहन फंस गया। वीरवार देरशाम से बंद मंडी-पठानकोट हाईवे को शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे बहाल किया गया। एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि चट्टान को ब्लास्टिंग से हटाया गया। इसके बाद ही यातायात को सुचारु किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें