हिमाचल प्रदेश में बागवानी विभाग के निदेशक पद पर प्रशासनिक अधिकारी की ताजपोशी की तैयारी चल रही है। अभी तक निदेशक पद पर विभाग के अधिकारी को ही निदेशक लगाया जाता रहा है। सूत्रों के अनुसार बागवानी विभाग के निदेशक पद पर विभाग के तकनीकी अधिकारी के अलावा प्रशासनिक अफसर लगाने के लिए नियमों में संशोधन करने की कवायद चल रही है।
संशोधन के बाद बागवानी विभाग में प्रशासनिक अधिकारी को भी निदेशक लगाने का रास्ता साफ होगा। उल्लेखनीय है कि विभाग के अधिकारी निदेशक लगाए जाते रहे हैं, वे साल छह माह के भीतर ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। पिछले कई निदेशक छह माह या एक साल की सेवा अवधि के बाद रिटायर होते रहे हैं। कर्मचारी संगठन भी सरकार से मांग करते रहे हैं कि निदेशक पद पर प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की जाए।
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि विभाग में निदेशक पद पर आईएएस अधिकारी की तैनाती की व्यवस्था करना जरूरी है। वर्तमान में विभाग के अधिकारी कुछ माह तक निदेशक पद पर रहते हैं और सेवानिवृत्त हो जाते हैं। इससे विभाग का हित नहीं हो रहा।