5.34 लाख विद्यार्थियों को हर बुधवार को मिलेगा अंडा और केला
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नर्सरी से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले 5.34 लाख विद्यार्थियों को अब हर सप्ताह बुधवार को अंडा और केला भी मिड-डे मील के तहत दिया जाएगा। विद्यार्थियों को अंडा और केला में से एक खाने के लिए दिया जाएगा। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बाल पौष्टिक आहार योजना के तहत यह प्रावधान किया है। अंडा और केला देने के लिए बजट का प्रावधान राज्य सरकार करेगी।
चालू सत्र में तबादलों पर रोक लगाने का कैबिनेट बैठक में होगा फैसला
चालू शैक्षणिक सत्र के दौरान शिक्षकों के तबादलों पर रोक लगाने का फैसला वीरवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में हो सकता है। मंगलवार को हुई शिक्षा विभाग की बैठक में भी इस बाबत चर्चा हुई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस संदर्भ में प्रस्ताव तैयार किया गया है। साल भर शिक्षकों के तबादले होने के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है, विभाग के पास भी तबादलों को लेकर ही सबसे अधिक काम रहता है। ऐसे में चालू सत्र के दौरान शिक्षकों के तबादलों पर रोक लगाने को लेकर सरकार विचार कर रही है।