गुजरात में विजय रुपाणी की मुख्यमंत्री के तौर पर ताजपोशी हुई, वहीं हिमाचल के भावी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को शपथ लेंगे। हिमाचल के मंडी जिले में वर्ष 1965 में जन्में ठाकुर का जयपुर से गहरा नाता है। दरअसल, जयराम ठाकुर का ससुराल जयपुर के झोटावाड़ा में है।
ठाकुर की शादी वर्ष 1995 में आरएसएस नेता रहे श्रीनाथ राव की बेटी डॉ. साधना ठाकुर से हुई थी। साधना ठाकुर के छोटे भाई प्रताव राव का संबंध मीडिया जगत से है। जयपुर के झोटावाड़ा में रहने वाले राव परिवार में इस वक्त खुशी का माहौल है।
दामाद को मिली हिमाचल की नई जिम्मेदारी के बाद इस घर में मिठाई का सिलसिला थम नहीं रहा है। उनके भाई अपनी दीदी से जुड़ी यादों को ताजा करते हुए बताते हैं कि उनकी साधना दीदी का अलवर के खेड़ली कस्बे से भी कनेक्शन रहा है,
क्योंकि उनके पिता श्रीनाथ राव जब वर्ष 1974 में कर्नाटक से आए थे, तब उन्होंने इस कस्बे से ही व्यापार प्रारंभ किया था। इसलिए साधाना ठाकुर करीब दस वर्ष तक इस कस्बे में रहीं और शुरुआती पढ़ाई यहीं से की।