एक्सपोजर विजिट पर सिंगापुर, कंबोडिया जाने वाले प्रदेश के 50 बच्चों के नाम तय कर लिए गए हैं। ये बच्चे 8 से 18 फरवरी तक भ्रमण पर रहेंगे। बच्चों के साथ शिक्षक भी जाएंगे, जिनकी सूची अभी जारी नहीं की गई है। सभी को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला से 7 फरवरी को विदेश यात्रा के लिए रवाना करेंगे। 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 50 विद्यार्थियों का विदेश भ्रमण के लिए चयन किया गया है। 11वीं कक्षा से 20 और 12वीं कक्षा से 20 उन विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिन्होंने 10वीं कक्षा की परीक्षा में 95 फीसदी या इससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चार, गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल हुए दो एनसीसी कैडेट, एक एनएसएस स्वयंसेवक, एक स्काउट एंड गाइड और राष्ट्रीय सांस्कृतिक गतिविधि में शामिल एक विद्यार्थी को भी विदेश भ्रमण के लिए चुना गया है।