दो ट्रांसमिशन लाइनों की योजना
पार्क के निर्माण के लिए 120 मेगावाट बिजली की आपूर्ति पूरी करने के लिए ऊना और टाहलीवाल से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दो ट्रांसमिशन लाइनों की योजना बनाई गई है। राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को बल्क ड्रग पार्क को मूर्त रूप देने तथा इसे समयबद्ध पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करने के निर्देश दिए हैं। विभागों को प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से बल्क ड्रग पार्क से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा है। इस पार्क के लिए पानी, बिजली, सड़क जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए
राज्य में जलशक्ति विभाग को पानी से संबंधित कार्यों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र के भूमिगत जलस्तर के सुधार एवं रखरखाव के लिए जलशक्ति विभाग को 11.75 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से पार्क को स्थायी बिजली आपूर्ति की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। एचपी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीटीसीएल) और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड को बल्क ड्रग पार्क के लिए बाहरी विद्युत बुनियादी ढांचे का निर्माण शुरू करने के लिए कहा गया है।
प्रदेश में 20,000 करोड़ का निजी निवेश लाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा राज्य सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष में विनिर्माण, पर्यटन, ऊर्जा, निर्माण, आवास इत्यादि क्षेत्रों में लगभग 20,000 करोड़ रुपये का निजी निवेश लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे 40,000 लोगों को प्रत्यक्ष और लगभग 50,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
प्रदेश हित में पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर एकजुट प्रयास करें नेता प्रतिपक्ष: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन के सेरा विश्राम गृह में मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से चंडीगढ़ में हिमाचल की हिस्सेदारी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्हें संकीर्ण विचारधारा से ऊपर उठकर प्रदेश हित में व्यापक दृष्टिकोण अपनाते हुए एकजुट काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को चंडीगढ़ में हिमाचल की हिस्सेदारी का मामला केंद्र सरकार के साथ उठाने एवं इसे हल करने की दिशा में सार्थक प्रयास करने चाहिए।
पड़ोसी राज्यों को पानी छोड़ने संबंधी मीडिया के एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा भी किशाऊ और रेणुका जी बांध से अधिक पानी की मांग कर रहा है और इस मामले का सौहार्दपूर्ण तरीके से हल करने के लिए आपस में विचार-विमर्श जारी है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नादौन में लोगों की शिकायतें भी सुनीं। इसके बाद चिंतपूर्णी जाते समय कांगड़ा जिले के जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के रक्कड़ में स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया और कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित थे। उन्होंने रक्कड़ में मोनिका शर्मा सारथी की ओर से लिखित पुस्तक ‘अक्स मेरा नजर तो आएगा’ का विमोचन भी किया।