फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Nagar Nigam Election Result: मंडी, सोलन और धर्मशाला में भाजपा का परचम, कांग्रेस के खाते में पालमपुर

Sun, 31 May 2026 03:49 PM IST
Ankesh Dogra अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

Himachal Nagar Nigam Election Result 2026: हिमाचल प्रदेश की चार से तीन नगर निगमों में भाजपा को जीत मिली है। जबकि कांग्रेस को केवल पालमपुर नगर निगम में बढ़त हासिल हुई। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
हिमाचल नगर निगम चुनाव में भाजपा को बंपर जीत - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव परिणामों में भाजपा ने मंडी, सोलन और धर्मशाला में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। सत्ताधारी दल कांग्रेस को केवल पालमपुर नगर निगम में ही जीत मिली है। चारों नगर निगमों की कुल 63 सीटों (वार्डों) में से भाजपा ने 37 और कांग्रेस ने 23 पर जीत दर्ज की, जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। 

विज्ञापन


नगर निगम मंडी में भाजपा ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 14 में से 12 वार्डों पर कब्जा जमाया। यहां कांग्रेस और एक निर्दलीय प्रत्याशी को एक-एक सीट मिली। मंडी नगर निगम में पहले भी भाजपा का दबदबा रहा था और इस बार पार्टी ने उसे और मजबूत किया। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में जश्न मनाया और इसे प्रदेश सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर बताया। धर्मशाला नगर निगम में भी भाजपा ने कांग्रेस से सत्ता छीनते हुए 17 में से 11 सीटें जीत लीं। कांग्रेस को पांच सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। धर्मशाला में भाजपा की जीत को संगठन की रणनीति और स्थानीय मुद्दों पर पकड़ का परिणाम माना जा रहा है।

सोलन नगर निगम में भाजपा ने 10 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। यहां कांग्रेस को छह सीटें मिलीं, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। सोलन में कांग्रेस को सत्ता बचाने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाकर बढ़त बना ली। वहीं, पालमपुर नगर निगम कांग्रेस के लिए राहत लेकर आया। यहां कांग्रेस ने 15 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को चार सीटों तक सीमित कर दिया। पालमपुर में कांग्रेस ने स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती के दम पर भाजपा को पीछे छोड़ा।

चारों नगर निगमों में सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू हुई थी और दोपहर 12 बजे तक अधिकांश परिणाम स्पष्ट हो गए। प्रशासन ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। राजनीतिक दृष्टि से इन चुनाव परिणामों को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मंडी को छोड़कर अन्य तीन नगर निगमों में पहले कांग्रेस का दबदबा माना जाता था। ऐसे में भाजपा की यह सफलता आने वाले चुनावों के लिए पार्टी के मनोबल को बढ़ाने वाली मानी जा रही है।

जनता ने कांग्रेस को नकारा, भाजपा को मिला जनादेश : बिंदल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए पंचायती राज, नगर निकाय और नगर निगम चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों के नतीजों ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। बिंदल के अनुसार, ये चुनाव कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनमत संग्रह साबित हुए हैं।

रविवार को शिमला में प्रेस वार्ता कर बिंदल ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। भाजपा ने अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की थी, जबकि कांग्रेस ऐसा नहीं कर सकी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 75 फीसदी निकाय जीतने के दावे को राजनीतिक झूठ और जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया। बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता के जनादेश का अपमान कर रही है। नगर परिषदों के परिणाम आने के बाद सरकार ने जानबूझकर अधिसूचनाएं रोक दीं। इसके चलते भाजपा को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

अदालत में मामला पहुंचने के बाद सरकार को मजबूर होकर अधिसूचनाएं जारी करनी पड़ीं। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनाव संबंधी नियमों में बदलाव किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे खरीद-फरोख्त का रास्ता खोलने की कोशिश की गई है। पहले निर्धारित समय सीमा के भीतर चुनाव कराने का प्रावधान था। अब अधिकारियों को मनमर्जी से बैठक बुलाने का अधिकार देकर हॉर्स ट्रेडिंग की संभावनाएं बढ़ाई गई हैं। बिंदल ने इसे जनता के जनादेश के साथ खुला विश्वासघात बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 3159 पंचायतों में से करीब 74 फीसदी प्रधान और 70 फीसदी उपप्रधान पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है।

बिंदल ने कहा कि मंडी नगर निगम में भाजपा ने 14 में से 12 सीटें जीतीं। कांग्रेस को एक सीट तक सीमित कर दिया गया। धर्मशाला और सोलन में भी भाजपा ने दस-दस सीटों पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि चार में से तीन नगर निगमों में भाजपा की स्पष्ट बढ़त प्रदेश में बदलाव का संकेत है। बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों से किए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। सरकार संस्थान, स्कूल तथा कार्यालय बंद करने में व्यस्त है। बिंदल ने कहा कि जनता ने इन चुनावों के जरिए कांग्रेस के झूठ और कुशासन को खारिज कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास जताया है। भाजपा लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
विज्ञापन

हिमाचल में भाजपा की प्रचंड विजय, तीन नगर निगमों में पूर्ण बहुमत : सौदान
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह ने नगर निगम चुनावों में पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश की जनता, पार्टी नेतृत्व और समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सौदान सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चार नगर निगमों में हुए चुनावों में भाजपा ने कुल 63 वार्डों में से 37 वार्डों पर विजय प्राप्त कर 59 प्रतिशत सफलता हासिल की है। भाजपा ने मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में पूर्ण बहुमत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की है। मंडी नगर निगम में भाजपा ने 14 में से 12 सीटें जीतकर 86 प्रतिशत सफलता हासिल की, धर्मशाला में 17 में से 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया तथा सोलन में 17 में से 10 सीटों पर विजय हासिल कर जनता का विश्वास जीता। उन्होंने कहा कि यह परिणाम हिमाचल प्रदेश की जनता के मन की आवाज है। ब्यूरो

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें